फतेहाबाद।श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम ट्रस्ट द्वारा वार्षिक समारोह एवं लंगर हॉल के शिलान्यास का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ वेद मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने लंगर हॉल का शिलान्यास किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस लंगर हॉल के निर्माण से जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समाज सेवा की परंपरा को और अधिक मजबूती मिलेगी। मुख्य अतिथि सांसद सुभाष बराला ने अपने संबोधन में कहा कि श्री अद्वैत स्वरूप विचार आश्रम ट्रस्ट समाज सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता के क्षेत्र में जो योगदान दे रहा है, वह सराहनीय है। यह ट्रस्ट न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। लंगर हॉल का निर्माण श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलेगा।” ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ाराम, चेयरमैन वेद फुला, शम्मी ढींगडा, रामराज मेहता, भारत भूषण गर्ग, रणबीर चौधरी सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी रहे, जिन्होंने ट्रस्ट की गतिविधियों की सराहना की।