भट्टूकलां। सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाली ‘खुशी नई उम्मीद’ संस्था द्वारा भट्टू मंडी के प्रताप नगर में एक जरूरतमंद कन्या की शादी में भाई के रूप में भाती बनकर कन्यादान का सामान व आर्थिक सहयोग किया। भाती बनकर पहुंचे इन सदस्यों का परिवार के लोगों ने भी पारम्परिक गीतों से स्वागत किया। संस्था के प्रमुख सदस्य गोपाल बंसल ने बताया कि संस्था सदस्यों को सूचना मिली थी कि भट्टू मण्डी के प्रताप नगर में एक जरूरतमंद परिवार की बिटिया की 4 फरवरी को शादी है और यह परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। पिता के बीमार होने के चलते उसकी माता ही मजदूरी से उसका पालन पोषण करती है। ऐसे में संस्था सदस्यों ने अपने सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाते हुए इस बिटिया की शादी में सहयोग करने का निर्णय लिया। संस्था सदस्यों ने भट्टू मण्डी के लोगों के सहयोग से बिटिया की शादी में जरूरत का सामान इकट्ठा किया। सदस्य भाती के रूप में परिवार के घर पहुंचे जहां महिलाओं ने पारम्परिक गीतों से तिलक लगाकर इनका स्वागत किया। बिटिया की शादी में खुशी संस्था ने समाजसेवियों के साथ मिलकर बहन को चुन्दड़ी उड़ाकर भात का सामान दिया। संस्था द्वारा बिटिया को 31 बर्तनों का सैट, 11 सूट, 7 छोटे-बड़े कंबल, पांजेब, चुटकी, सोने की नोजपिन, चांदी की अंगूठी, बिस्तर के अलावा 6100 रुपये की आर्थिक सहयोग आशीर्वाद के रूप में दिया। खुशी संस्था से गोपाल बंसल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इसमें सामाजिक कार्य में दादा सतीश शास्त्री, नवीन बिंदल, विजय गर्ग, नवीन सोलंकी, हनुमान लालगढिय़ा, प्रवीण शर्मा, आनंद गर्ग, गोपाल बंसल, परमानंद गौरछिया, संदीप सुडा, नागेंद्र सरोहा, अतुल आशु गोयल, गोविंद अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया। संस्था के इस कार्य की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की है।